सरायकेला: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और आवेदनों की सुनवाई की गई. उपायुक्त ने प्राप्त मामलों के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

जनता दरबार में मुख्य रूप से आदित्यपुर स्थित पीआगो (Piaggio) शोरूम और श्रीराम फाइनेंस के खिलाफ कथित धोखाधड़ी की शिकायत सामने आई. शिकायत में कहा गया कि खराब ऑटो वाहन उपलब्ध कराया गया और वाहन एक्सचेंज की प्रक्रिया में राशि के गबन का मामला सामने आया है.
इसके अलावा सरायकेला अंचल अंतर्गत छोटा टांगरानी में भूमि सीमांकन के लंबित मामले के निष्पादन, वर्ष 1970- 71 में बंदोबस्ती की गई भूमि से संबंधित लंबित मुआवजा भुगतान, नगर निगम आदित्यपुर में जन्म प्रमाण पत्र निर्गमन में हो रही देरी, लाल बिल्डिंग चौक आदित्यपुर में गुमटी हटाकर अवैध रूप से शराब का अड्डा संचालित किए जाने के विरुद्ध कार्रवाई तथा हटाई गई गुमटी को पुनः स्थापित कराने से संबंधित आवेदन भी जनता दरबार में प्राप्त हुए.
उपायुक्त ने इन सभी मामलों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रेतर कार्रवाई के लिए हस्तांतरित करते हुए प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके.

