सरायकेला: समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों और नगर क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को क्रमवार सुना गया.

जनता दरबार के दौरान कई महत्वपूर्ण मामले सामने आए. इनमें ईचागढ़ प्रखंड के बांदु पंचायत के लाभुक को अंबेडकर आवास योजना का लाभ दिलाने तथा झारखंड मुख्यमंत्री मइया सम्मान योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत शामिल रही. इसके अलावा ईचागढ़ प्रखंड में नए ग्राम प्रधान के चयन से संबंधित आवेदन, सरायकेला स्थित निजी विद्यालय सेंट फ्रांसिस द्वारा विद्यार्थियों को निर्धारित मूल्य पर स्कूल परिसर के स्टोर से ही किताब और शैक्षणिक सामग्री खरीदने के लिए बाध्य करने की शिकायत भी उठाई गई.
वहीं राजनगर प्रखंड के गोविंदपुर लैम्प्स में धान अधिप्राप्ति से संबंधित लंबित भुगतान का मामला भी जनता दरबार में रखा गया. इसके साथ ही विभिन्न विभागों से जुड़े अन्य जनहित के मामलों पर भी सुनवाई की गई.
उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने सभी संबंधित विभागीय, अंचल और नगर निकाय के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त मामलों की विधिसम्मत जांच करते हुए त्वरित और पारदर्शी तरीके से उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां तत्काल जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर राहत और न्याय मिल सके.

