सरायकेला: समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों और नगर क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर उपायुक्त ने क्रमवार और गंभीरतापूर्वक सुनवाई की.

जनता दरबार में गम्हरिया अंचल के पंजी-II संधारण, सीमांकन और अवैध अतिक्रमण से मुक्ति, अवैध ईंट-भट्टों के संचालन पर रोक, चांडिल अनुमंडल के डैम-डूबी क्षेत्र की जलसहिया का नाम सूची से हटाने और दो वर्षों से लंबित मानदेय भुगतान, राजनगर प्रखंड के केंद्र मुंडी क्षेत्र में प्रस्तावित पत्थर खनन पट्टा आवंटन पर आपत्ति, कुकड़ू प्रखंड में समेकित जनजातीय धुमकुड़िया भवन निर्माण में उत्पन्न बाधा तथा नीमडीह अंचल के खाता संख्या 211 में एकलव्य विद्यालय निर्माण हेतु अधिग्रहित भूमि के लंबित मुआवजा भुगतान से जुड़े मामले प्रमुख रूप से उठाए गए.
उपायुक्त ने संबंधित विभागीय, अंचल और नगर निकाय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की विधिसम्मत, त्वरित और निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए. जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां अविलंब जांच कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन समर्पित करने को कहा गया, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र न्याय और राहत मिल सके.

