सरायकेला/ Pramod Singh उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने गुरुवार को कुंवर विजय प्रताप गर्ल्स उच्च विद्यालय और नृपराज प्लस टू उच्च विद्यालय सरायकेला का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने दोनों विद्यालयों में आईसीटी लैब, साइंस लैब, स्मार्ट क्लास और पुस्तकालय का अवलोकन किया.

छात्र- छात्राओं से संवाद कर दी प्रेरणा
उपायुक्त ने विभिन्न कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र- छात्राओं से संवाद स्थापित करते हुए विज्ञान और मानविकी विषयों पर संक्षिप्त कक्षाएं भी संचालित कीं. उन्होंने छात्रों को जटिल विषयों को सरलता से समझने के लिए उपयोगी अध्ययन टिप्स प्रदान किए और विषयों की व्यावहारिक उपयोगिता पर चर्चा की.
आईसीटी और लाइब्रेरी के उन्नयन पर विशेष बल
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विभिन्न विषयों की उत्कृष्ट पुस्तकों की सूची तैयार की जाए और पुस्तकालय को ज्ञानवर्धक और करियर मार्गदर्शक पुस्तकों से समृद्ध किया जाए. उन्होंने विद्यालयों में समृद्ध कार्यशैली विकसित करने और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग के निर्देश भी संबंधित पदाधिकारियों को दिए.
छात्र- छात्राओं को दी शुभकामनाएं
उपायुक्त ने छात्र- छात्राओं को उनके उज्ज्वल, समृद्ध और विविधतापूर्ण शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं और उत्साहपूर्वक अध्ययन कर जीवन में उच्च मुकाम हासिल करने हेतु प्रेरित किया. इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार और संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य प्रभारी प्रधानाचार्य उपस्थित थे.

