सरायकेला/ Pramod Singh उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में लगातार हो रही वर्षा एवं मौसम में आए बदलाव को देखते हुए जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ आपातकालीन समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई. जिसमें संभावित जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने को लेकर समीक्षा की गई.

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विशेष रूप से चांडिल, सीतारामपुर डैम, गाजिया बराज एवं आदित्यपुर पुलिया के समीपवर्ती गांवों में सतर्कता बरती जाए. सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए तथा संभावित रूप से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
विभिन्न डैमों के जलस्तर की निगरानी के निर्देश
उपायुक्त ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न डैमों के जलस्तर की निगरानी करें तथा यदि गेट खोले जाने की स्थिति उत्पन्न हो, तो उससे प्रभावित संभावित क्षेत्रों में समुचित तैयारी पूर्व से सुनिश्चित की जाए. साथ ही, आमजन को समय रहते सूचना देने एवं सचेत करने हेतु व्यापक प्रचार- प्रसार अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.
कोई लापरवाही नहीं चलेगी
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि संभावित आपदा के पूर्व ही संवेदनशील क्षेत्रों में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता क्षम्य नहीं होगी. सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी नियमित क्षेत्र भ्रमण कर स्थिति का सतत अवलोकन करें एवं अद्यतन स्थिति से जिला मुख्यालय को अविलंब अवगत कराएं.

