सरायकेला/ Pramod Singh उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने मंगलवार को कुचाई प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का दौरा कर मनरेगा अंतर्गत संचालित आम बागवानी योजना, टीसीबी (Tranch cum Bund) टेक कॉम्बोर्ट तथा अबुआ आवास योजना का स्थल निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान उन्होंने आम बागवानी योजना के पौधारोपण, ट्री गार्ड की स्थिति, गड्ढों की खुदाई की गुणवत्ता एवं मजदूरी भुगतान की प्रगति की समीक्षा की. मौके पर उपस्थित लाभुकों एवं श्रमिकों से संवाद कर उनकी संतुष्टि, भुगतान की स्थिति और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली.

टेक कॉम्बोर्ट योजना के तहत तकनीकी आधारित आजीविका संसाधन केंद्रों की स्थापना, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पूर्णता की स्थिति की भी भौतिक समीक्षा की गई. अबुआ आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की स्थिति, स्वीकृत लाभुकों की सूची, कार्य प्रगति, निर्माण गुणवत्ता और सामग्री की उपलब्धता का भी जायजा लिया गया. निरीक्षण उपरांत उप विकास आयुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, कनीय अभियंताओं, रोजगार सेवकों एवं कार्य एजेंसियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाएं पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण होनी चाहिए. उन्होंने मजदूरी भुगतान समय पर सुनिश्चित करने तथा लाभुकों को समुचित जानकारी देने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों का आर्थिक सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन एवं आवासीय सुविधा सुनिश्चित करना है. कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

