रांची: मंगलवार को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सरायकेला- खरसावां जिले के उपायुक्त नितीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने शिष्टाचार भेंट की.

इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं.
मुलाकात के दौरान जिले की विधि- व्यवस्था, कानून- व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस प्रशासन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को जिले में विधि- व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के स्पष्ट निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन का व्यवहार जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह होना चाहिए, ताकि आम लोगों का भरोसा शासन- प्रशासन पर बना रहे. उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन समन्वय के साथ कार्य करते हुए कानून- व्यवस्था को मजबूत बनाएंगे.
इस दौरान उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक सुगमता और पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाएगा. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार निगरानी और समीक्षा कर रही है.
वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने मुख्यमंत्री के दिशा- निर्देशों का पालन करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और कानून- व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है.

