सरायकेला: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार क़ो DMFT एवं जिला अनाबद्ध निधि से वित्तपोषित विकासात्मक योजनाओं की प्रगति को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में निदेशक DRDA डॉ. अजय तिर्की, जिला योजना पदाधिकारी, विभिन्न कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

उपायुक्त ने बैठक की शुरुआत पूर्व निर्देशों के अनुपालन की अद्यतन स्थिति जानकर की और सभी एजेंसियों को योजना- वार प्रगति अद्यतन रखने तथा लंबित कार्यों के कारणों का स्पष्ट विवरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.
वित्तीय वर्ष 2023- 24, 2024- 25 और 2025- 26 की स्वीकृत योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और सुरक्षा प्रावधानों का पालन अनिवार्य है. उन्होंने स्थलीय निरीक्षण नियमित रूप से कर भौतिक प्रगति का सत्यापन सुनिश्चित करने और किसी भी कमी पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासनिक स्वीकृति, तकनीकी अनुमोदन और निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कार्यारंभ किया जाए. साथ ही सभी योजनाओं की प्रगति को DMFT और अनाबद्ध निधि पोर्टल पर समयबद्ध अपडेट करने का निर्देश दिया.
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने लंबित योजनाओं में ठोस प्रगति सुनिश्चित करने और पूर्ण योजनाओं का समय पर हैंडओवर संबंधित विभागों को सौंपने पर जोर दिया. उन्होंने लंबित भुगतानों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर करने की बात कही, ताकि योजनाओं की उपयोगिता बाधित न हो.
उन्होंने भूमि विवाद या भू-व्यवस्था से जुड़े अवरोधों का त्वरित निपटारा करने के लिए राजस्व विभाग, वन प्रमंडल और अंचल अधिकारियों के समन्वय की आवश्यकता बताई, ताकि स्वीकृत परियोजनाओं में शीघ्र कार्यारंभ हो सके.
उपायुक्त ने सभी विभागों को पूर्ण योजनाओं के उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर प्रस्तुत करने और भौतिक एवं वित्तीय जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ लक्षित समुदाय तक प्रभावी रूप से पहुंचे, इसके लिए विभाग दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करें और क्रियान्वयन की गति बनाए रखें. अंत में उपायुक्त ने सभी एजेंसियों से कहा कि वे निर्धारित नीतियों और निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि जिले की विकास योजनाओं का प्रभावी संचालन जारी रह सके.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
