सरायकेला/ Pramod Singh उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शनिवार को गम्हरिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल परिसर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने ओपीडी, ब्लड जांच केंद्र, ऑपरेशन थिएटर, महिला और पुरुष मरीज वार्ड सहित मेडिसिन विभाग का भी निरीक्षण किया.

इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से उन्होंने वर्तमान स्वास्थ्य सेवाओं, संसाधनों और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली. उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में अधूरी पड़ी बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर असंतोष जताया. उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और इसे तय समय सीमा में पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर की सुरक्षा अत्यंत जरूरी है और अधूरी बाउंड्री वॉल संभावित खतरे का कारण बन सकती है.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जुझार मांझी, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभय द्विवेदी और प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने को लेकर कई जरूरी दिशा- निर्देश भी दिए.

