सरायकेला: समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को समाज कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग अंतर्गत संचालित सभी प्रमुख योजनाओं की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने की. बैठक में बाल विकास परियोजनाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण कार्यक्रमों, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, कन्यादान योजना, विधवा पुनर्विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्पॉन्सरशिप योजना और कंबल वितरण कार्यक्रम सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई.

बैठक के दौरान लक्ष्य-प्राप्ति, सेवा की गुणवत्ता, फील्ड मॉनिटरिंग, तकनीकी अद्यतन और लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका की नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ की जाए. उन्होंने कहा कि पोषण से वंचित परिवारों की सटीक पहचान कर उन्हें शीघ्र विभागीय योजनाओं से जोड़ा जाए. किशोरी समृद्धि योजना, कन्यादान योजना, विधवा पुनर्विवाह और मातृत्व वंदना योजना के तहत सभी पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुँचना चाहिए.
उपायुक्त ने सभी CDPO और महिला पर्यवेक्षिकाओं को रोस्टर के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और गतिविधियों की वस्तुनिष्ठ मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति और अन्य मूलभूत सुविधाएं कार्यशील स्थिति में हों. जहां सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, उन केंद्रों की सूची जिला मुख्यालय को शीघ्र भेजी जाए.
पोषण ट्रैकर ऐप पर लाभुक एवं अवसंरचना से संबंधित डेटा के नियमित अद्यतन को अनिवार्य बताते हुए उन्होंने केंद्रों के समयानुसार संचालन, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, आधार और जन्म प्रमाण पत्र से वंचित बच्चों के दस्तावेज़ शीघ्र बनाने तथा पोषण वाटिका निर्माण में गुणवत्तापूर्ण प्रगति सुनिश्चित करने पर बल दिया.
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्पॉन्सरशिप योजना के पात्र लाभुकों को तत्काल लाभ देने और कंबल क्रय एवं वितरण प्रक्रिया को नियमानुसार शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पेंशन योजनाओं के सभी आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण अनिवार्य है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) अनिल टूड्डू, सभी CDPO, महिला पर्यवेक्षिकाएं और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
