सरायकेला/ Prerna Ojha समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को राजस्व, निबंधन और भूमि सुधार विभाग की समीक्षात्मक बैठक हुई. बैठक में भूमि म्यूटेशन, सीमांकन, शिकायत निवारण और लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन को लेकर समीक्षा की गई. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध करें.

बैठक में म्यूटेशन, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, सीमांकन और परिशोधन से जुड़े आवेदनों की भी समीक्षा हुई. उपायुक्त ने कहा कि बिना वैध कारण के किसी भी आवेदन को अस्वीकृत न करें. यदि अस्वीकृत करना पड़े तो उसका स्पष्ट कारण लाभुक को बताएं. उपायुक्त ने न्यायालयीन मामलों की नियमित सुनवाई और त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया. साथ ही ई-राजस्व पोर्टल पर वाद सूची और पारित आदेशों को अपडेट करने को कहा. जनता दरबार और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का शीघ्र समाधान करने को भी कहा ताकि आम लोगों को दफ्तरों का चक्कर न लगाना पड़े.
बैठक में एनएच-32 परियोजना समेत अधिग्रहित भूमि के मुआवजा भुगतान और म्यूटेशन कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने शेष लाभुकों की ई-केवाईसी शीघ्र पूरा करने और अयोग्य लाभुकों को सूची से हटाने का निर्देश दिया. बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, अंचलाधिकारी और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.

