सरायकेला: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं.

दरबार में मुख्य रूप से सेविका नियुक्ति पत्र वितरण, रैयती भूमि पर अवैध ईंट भट्टा संचालन, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, परिशोधन पोर्टल पर नामांतरण की समस्या, गौरी थाना क्षेत्र में विवादित भूमि पर जबरन कब्जे के प्रयास, राशन कार्ड में नाम जोड़ने व सुधार और वृद्धा पेंशन योजना के लाभ से वंचित होने जैसी शिकायतें प्राप्त हुईं.
उपायुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी को अवैध ईंट भट्टों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने, अंचलाधिकारी को परिशोधन पोर्टल पर लंबित नामांतरण मामलों को शीघ्र निष्पादित करने और वृद्धा पेंशन योजना से वंचित लाभुकों को जोड़ने के निर्देश दिए. उन्होंने राशन कार्ड में नाम सुधार से संबंधित आवेदनों पर भी त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए.
उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान करना है. जिला प्रशासन जनता की शिकायतों के निराकरण के लिए पूर्णतः संवेदनशील और प्रतिबद्ध है.

