सरायकेला: समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त- सह- जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और अंचलों से आए नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए.

उपायुक्त ने सभी आवेदनों की गंभीरता से सुनवाई की और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी और विधिसम्मत समाधान के लिए आवश्यक दिशा- निर्देश दिए. जनता दरबार में मुख्य रूप से म्यूटेशन, सीमांकन, रैयती जमीन पर अवैध कब्जा, जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने, नीमडीह प्रखंड में ग्राम प्रधान के रिक्त पदों पर चयन, मुख्यमंत्री माईयां सम्मान योजना का लाभ न मिलने, वृद्धा पेंशन योजना का भुगतान लंबित रहने जैसे मामलों से संबंधित शिकायतें दर्ज की गईं.

राजनगर प्रखंड के केण्डमुंडी पंचायत की मुखिया रासमणि हांसदा ने वृद्ध महिलाओं को पेंशन योजना का लाभ कई माह से नहीं मिलने की समस्या रखी. इस पर उपायुक्त ने तुरंत संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी से वार्ता कर निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर पेंशन शिविर आयोजित कर लंबित मामलों का निपटारा किया जाए. साथ ही वंचित लाभुकों से आवेदन लेकर उन्हें योजना से जोड़कर लाभान्वित करने का निर्देश भी दिया.

