सरायकेला: समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय में मंगलवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आमजन ने अपनी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए. उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित और नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया.

इस दौरान प्रमुख रूप से रैयती भूमि के ऑनलाइन अद्यतन, दखल- दिहानी विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण में उत्पन्न अड़चन, नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क अतिक्रमण, एनआईटी जमशेदपुर की बाउंड्री वॉल से पानी बहाव की वजह से घरों में पानी घुसने, गम्हरिया के भेलैगोड़ा में बिना सूचना उपस्वास्थ्य केंद्र निर्माण, नगर निकाय क्षेत्र में जल निकासी और पेयजल समस्या, जर्जर पानी टंकी ध्वस्तीकरण, नाला सफाई, ग्राम प्रधान का लंबित मानदेय भुगतान और मंगलम सिटी आदित्यपुर द्वारा सुविधाएं नहीं देने जैसी समस्याएं रखी गईं.
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और साप्ताहिक जनता दरबार इसके क्रियान्वयन का प्रभावी माध्यम है. सभी संबंधित विभागों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

