सरायकेला: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शनिवार को खरसावां और राजनगर क्षेत्र में तसर उद्योग एवं सिल्क परियोजनाओं का व्यापक निरीक्षण किया. उनके दौरे का उद्देश्य तसर कोसा की खेती, सुत कताई, वस्त्र बुनाई और मार्केटिंग गतिविधियों की स्थिति का जायजा लेना और उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा- निर्देश देना था.

खरसावां के अग्र परियोजना केंद्र में उपायुक्त ने बीजागार और किसानों द्वारा की जा रही कीरपालन की जानकारी ली. उद्योग विभाग के अधिकारियों को तसर उत्पादन बढ़ाने पर विशेष बल देने के निर्देश दिए गए.

इसके बाद उपायुक्त ने आमदा के खादी पार्क का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने सुत कताई, कपड़े बुनाई और बिक्री केंद्र का अवलोकन किया. उन्होंने खादी पार्क को व्यवस्थित रखने और प्रशिक्षण गतिविधियों को बेहतर बनाने के निर्देश दिए.

कुदासिंगी के सामान्य सुलभ केंद्र का दौरा करते हुए उपायुक्त ने तसर कोसा से सुत कताई कर रही महिलाओं से बातचीत की. महिलाओं ने मशीनों की पुरानी स्थिति के कारण कठिनाई होने की बात कही. नितिश कुमार सिंह ने नई मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आवश्यकता पड़ने पर नए CFC केंद्र खोलने का भरोसा दिया, ताकि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके.

उपायुक्त ने आमदा में अधूरे पड़े सिल्क पार्क का भी निरीक्षण किया और उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसके लिए डीपीआर तैयार कर कार्य शुरू किया जाए. उन्होंने कहा कि सिल्क पार्क के पूरा होने पर क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
निरीक्षण में बीडीओ प्रधान माझी, सीओ कप्तान सिंकु और खादी पार्क के प्रभारी सुनील कुमार सहित अन्य अधिकाppरी उपस्थित थे. उपायुक्त ने उत्पादन बढ़ाने, संरचना सुधारने और महिला स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाने के निर्देश दिए.

