सरायकेला: जिले के विभिन्न प्रखंडों से झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों के सम्मान में समाहरणालय सभागार में सोमवार को एक समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने की.

समारोह में उपायुक्त द्वारा सफल अभ्यर्थियों- निशा गोप, नीरज कांदिर, संदीप कुमार बांकिरा, संजय सिंह सरदार, रामराय हांसदा और सुनील मुर्मू को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और पुस्तक- पेन भेंट कर सम्मानित किया गया.
उपायुक्त ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं ने कठिन परिश्रम और समर्पण से जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने इन सफल उम्मीदवारों से संवाद करते हुए सेवा काल में ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी. उपायुक्त ने यह भी कहा कि इन अभ्यर्थियों की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करेगी. उन्होंने अभिभावकों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी.
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, कुचाई बीडीओ सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे.

