सरायकेला: समाहरणालय सभा कक्ष में बुधवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO), प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO), संकुल संसाधन व्यक्ति (CRP), प्रखंड संसाधन व्यक्ति (BRP) एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में उपायुक्त ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों की कक्षा उपस्थिति में वृद्धि, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता (FLN) मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति तथा शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और समयबद्ध अध्यापन कार्य पर विशेष बल दिया.
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में स्वास्थ्य जाँच शिविर रोस्टरवार पूर्ण किए जाएं और छूटे हुए शत-प्रतिशत बच्चों का आधार नामांकन शीघ्र सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम है, वहाँ जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से अभिभावकों एवं ग्रामीणों को जागरूक किया जाए और उन्हें शिक्षा से संबंधित लाभ एवं विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाए.
उपायुक्त ने शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति के नियमित निरीक्षण का निर्देश दिया और जिन शिक्षकों द्वारा उपस्थिति दर्ज नहीं की जा रही है, उनके विरुद्ध वेतन कटौती की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.
उन्होंने सभी BEO, BRP एवं CRP को अपने-अपने नामित विद्यालयों का नियमित भ्रमण कर शिक्षण की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति और नियमित काउंसलिंग करने के निर्देश दिए ताकि अध्ययन में रुचि बढ़ सके.
उपायुक्त ने UDISE Entry कार्य में तेजी लाने, जिले के सभी बच्चों का आधार कार्ड शीघ्र निर्गत कराने और स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हेतु रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए.
बैठक में ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति, आवासीय विद्यालयों में नामांकन की स्थिति, समग्र शिक्षा/सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में उपलब्ध संरचनात्मक सुविधाओं, निर्माण एवं मरम्मति कार्य, खेल-कूद गतिविधियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई.
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि छूटी हुई किशोरियों को सवित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से जोड़ने हेतु शीघ्र आवेदन प्राप्त कर विभाग को प्रेषित किया जाए, ताकि पात्र किशोरियों को समय पर लाभ मिल सके.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी BEEO बेसिक प्रशासनिक कार्यों में नेतृत्वकारी भूमिका सुनिश्चित करें और किसी भी स्तर पर अनावश्यक कारणों से शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता और बच्चों तक योजनाओं का समय पर लाभ पहुँचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्रखंड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग कर शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
