सरायकेला/ Pramod Singh समाहरणालय सभागार में मंगलवार को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” कार्यक्रम के अंतर्गत साइबर क्राइम से बचाव और सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला की अध्यक्षता जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्य ठाकुर ने की.

कार्यशाला में साइबर सेल ऑफिसर दानिस इकबाल ने साइबर अपराध के प्रकार, सोशल मीडिया पर बढ़ते खतरे, व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी से बचाव और साइबर हेल्पलाइन नंबर के बारे में विस्तार से जानकारी दी. प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए ताकि वे खुद को और समाज को जागरूक कर सकें.
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्य ठाकुर ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बालिकाओं को डिजिटल युग में सुरक्षित रहना सिखाना और साइबर अपराध के प्रति संवेदनशील बनाना था. इस मौके पर सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, सखी वन स्टॉप सेंटर की सेंटर एडमिनिस्ट्रेटिव, समर के क्षेत्रीय प्रबंधक, JSLPS के ब्लॉक परियोजना प्रबंधक, शिक्षा विभाग के कर्मी और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं मौजूद रहीं.

