सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में कार्यरत विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. उपायुक्त ने सभी औद्योगिक इकाइयों को सीएसआर अंतर्गत संचालित परियोजनाओं और प्रस्तावित योजनाओं की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.

बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका संवर्धन, खेलकूद और सामाजिक कल्याण से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई. उपायुक्त ने कहा कि सीएसआर योजनाएं जिले के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. उन्होंने औद्योगिक संस्थानों से आग्रह किया कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कौशल विकास, कृषि, पर्यावरण संरक्षण और आजीविका संवर्धन के क्षेत्रों में ठोस कार्य करें.
उन्होंने यह भी कहा कि औद्योगिक इकाइयों द्वारा की जा रही सभी सीएसआर गतिविधियाँ पारदर्शी और परिणामोन्मुख होनी चाहिए. उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन इन प्रयासों में निरंतर सहयोग करेगा और सभी इकाइयों से समन्वय स्थापित करने की अपेक्षा करता है.
बैठक में सीएसआर कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी औद्योगिक इकाइयाँ अपने वार्षिक सीएसआर एक्शन प्लान को जिला प्रशासन के साथ साझा करें. उन्होंने टीबी रोगियों को फूड बास्केट उपलब्ध कराने, आंगनबाड़ी केंद्रों में बाला पेंटिंग और टॉयज़ की व्यवस्था करने जैसे लक्ष्य तय किए.
उपायुक्त ने कहा कि सभी औद्योगिक संस्थान हर माह अपनी सीएसआर रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजें और एक नोडल अधिकारी नामित करें जो प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करे. बैठक में विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने जिले के विकास कार्यों में प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया.
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला योजना पदाधिकारी सोनी कुमारी, सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी और जिला खेल पदाधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
