सरायकेला/ Pramod Singh अंचल निरीक्षक नितिन कुमार सिंह ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में विधि- व्यवस्था संधारण को लेकर क्राइम मीटिंग आयोजित की. इस दौरान उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए.

अंचल निरीक्षक ने दिसंबर माह में घटित अपराधों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कांडों के शीघ्र उद्भेदन पर जोर दिया. उन्होंने निष्पादित कांडों एवं यूडी कांडों की थानावार समीक्षा करते हुए जनवरी माह में अधिकाधिक मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया. साथ ही पूर्व के लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.
बैठक के दौरान अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आंचल अंतर्गत अपराध नियंत्रण, सुगम यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया.
आगामी पर्व- त्योहारों को देखते हुए मादक एवं नशीले पदार्थों की बिक्री के विरुद्ध चल रहे अभियानों को और तेज करने को कहा गया. सभी थाना प्रभारियों को पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामलों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन करने, चिह्नित अपराधकर्मियों के विरुद्ध सीसीए, निगरानी एवं बेल कैंसिलेशन का प्रस्ताव समर्पित करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा अवैध शराब के विरुद्ध लगातार प्रभावी छापामारी अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया. बैठक में सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार, खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार, राजनगर थाना प्रभारी विपुल ओझा, कुचाई थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा, आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान एवं सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह उपस्थित थे.

