सरायकेला/ Pramod Singh नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति साफ कर दी है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला राजनीतिक मामलों की समिति की अहम बैठक आदित्यपुर आकाशवाणी चौक स्थित डुरियन बिल्डिंग में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राज बागची ने की.

बैठक में तीनों नगर निकायों के लिए प्राप्त आवेदनों पर बिंदुवार चर्चा की गई. संभावित उम्मीदवारों की राजनीतिक पृष्ठभूमि, जनाधार, संगठनात्मक पकड़ और जीत की संभावनाओं पर विस्तार से मंथन किया गया. लंबी चर्चा के बाद सर्वसम्मति से अधिकृत प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई.
कपाली नगर परिषद के लिए तस्लीमा मलिक को कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है. वहीं आदित्यपुर नगर निगम से विक्रम किस्कू को पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार बनाया गया है. सरायकेला नगर पंचायत में पार्टी ने निर्दलीय उम्मीदवार प्रताप आदित्य सिंह देव को समर्थन देने का निर्णय लिया है. इसे स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.
समिति ने स्पष्ट किया कि घोषित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे. तन, मन और धन से एकजुट होकर प्रचार अभियान चलाया जाएगा. साथ ही कांग्रेस समर्थित वार्ड पार्षद उम्मीदवारों को भी संगठन का पूरा सहयोग दिया जाएगा.
बैठक में जिले के सह- पर्यवेक्षक एलबी. सिंह, प्रदेश सचिव छोटेराय किस्कू, देबू चटर्जी और सुरेशधारी, पूर्व जिला अध्यक्ष अंबुज पांडे, वरिष्ठ कांग्रेसी उपेंद्र शर्मा, गोपाल प्रसाद, महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता प्रधान, इंटक जिला अध्यक्ष केपी. तिवारी, कोल्हान इंटक प्रभारी राणा सिंह, आदित्यपुर नगर कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, कपाली अध्यक्ष शानूर रहमान, समरेंद्र तिवारी, समिति सदस्य सूरज महतो, अजमल बालकी और रिजवान खान सहित कई नेता मौजूद रहे. नगर निकाय चुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस की यह पहली औपचारिक रणनीतिक बैठक मानी जा रही है. अब देखना होगा कि घोषित प्रत्याशी मैदान में कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं और स्थानीय समीकरण किस ओर करवट लेते हैं.

