सरायकेला/ Prerena Ojha उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को समाज कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा अनिल टुडू, सभी सीडीपीओ, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाएं एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

योजनाओं की समीक्षा.
उपायुक्त ने विभाग द्वारा संचालित सर्वजन पेंशन योजना, मुख्यमंत्री मइँया सम्मान योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ, विधवा पुनर्विवाह योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना एवं पोषण आहार कार्यक्रम सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की.
उपायुक्त ने कहा कि पात्र लाभुकों को समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने के लिए सभी लंबित मामलों की तकनीकी त्रुटियों को शीघ्र दूर किया जाए. उन्होंने निर्देश दिया कि सर्वजन पेंशन योजना एवं सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत वांछित लाभुकों या नवचिह्नित पात्रों का आवेदन प्राप्त कर उन्हें लाभ से आच्छादित किया जाए. उपायुक्त ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण पोषाहार वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी सीडीपीओ एवं आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिकाएं अपने- अपने क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि केंद्र नियमित रूप से संचालित हो रहे हों.
आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति.
उपायुक्त ने कहा कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति अत्यंत जर्जर है, वहां के बच्चों को वैकल्पिक भवन में स्थानांतरित किया जाए. वहीं, मरम्मत योग्य भवनों की सूची तैयार कर जिला स्तर पर प्रस्तुत की जाए ताकि मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि समाज कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की सभी योजनाओं की सतत निगरानी के लिए जिला स्तर पर एकीकृत मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित किया जाए, ताकि समय- समय पर योजनाओं की वस्तुनिष्ठ समीक्षा सुनिश्चित की जा सके.

