आदित्यपुर/ Pramveer Patro जमालपुर- जुलुमटाड़ की मुख्य सड़क हाल की लगातार बारिश के बाद कीचड़ और गड्ढों से पूरी तरह भरी हुई है. सड़क पर चलना राहगीरों के लिए जोखिमपूर्ण हो गया है. बच्चे, बुजुर्ग और आम लोग कीचड़ में फिसलकर गिरने की स्थिति में हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है.

स्थानीय ग्रामवासी बताते हैं कि उन्होंने कई बार इस सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। गांव के लोग कहते हैं कि न तो कोई नेता समस्या के समाधान के लिए सामने आया है और न ही प्रशासन ने स्थायी समाधान निकाला है.

गांव के लोग मजबूरी में कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़क पर ही गुजरने को मजबूर हैं, जिससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या खासकर बारिश के मौसम में और गंभीर हो जाती है.
स्थानीय लोग प्रशासन से अपील कर रहे हैं कि जुलुमटाड़ सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द की जाए ताकि बच्चों, बुजुर्गों और आम राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत में देरी से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ सकता है.

