चांडिल: सरायकेला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत बनसा गांव में जागरूकता अभियान चलाया गया. यह अभियान चौका थाना पुलिस एवं एसएसबी मतकमडीह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया.

अभियान के दौरान ग्रामीणों को डायन बिसाही जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ जागरूक किया गया. साथ ही डायल 112 सेवा, सड़क सुरक्षा के नियमों और अफीम की अवैध खेती एवं उसके विक्रय पर प्रतिबंध से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई. पुलिस और एसएसबी अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि अफीम की खेती और तस्करी न केवल गैरकानूनी है, बल्कि इससे समाज और परिवार दोनों को गंभीर नुकसान होता है.

चौका थाना प्रभारी एवं एसएसबी मतकमडीह के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 का तुरंत उपयोग करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं से बचें. सामुदायिक पुलिसिंग और सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत मानवीय पहल करते हुए करीब 100 जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कंबल का वितरण किया गया. वहीं बच्चों के बीच पुस्तक, कलम और चॉकलेट बांटी गई, जबकि खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खिलाड़ियों के बीच फुटबॉल का वितरण किया गया. इस जागरूकता अभियान से ग्रामीणों में पुलिस और सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास बढ़ा है. स्थानीय लोगों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी बताया.

