चांडिल/ Vikash Thakur चौका थाना क्षेत्र के मुटुदा गांव में बुधवार देर रात एक व्यक्ति की धारदार हथियार से बेरहमीपूर्वक हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 57 वर्षीय सोयना मुंडा के रूप में हुई है.

सूचना मिलते ही गुरुवार सुबह चौका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा.
जानकारी के अनुसार, सोयना मुंडा अपनी पत्नी और 11 वर्षीय विकलांग बेटी के साथ घर में सोए हुए थे. इसी दौरान देर रात किसी ने धारदार हथियार से उनके गर्दन पर वार कर हत्या कर दी. घटना के बाद से मृतक की पत्नी घर से लापता बताई जा रही है.
गुरुवार सुबह पड़ोसियों ने देखा कि सोयना मुंडा का शव खाट पर खून से लथपथ पड़ा है. इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. चौका थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की.
मृतक के भाई हगड़ु मुंडा के बयान पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब फरार पत्नी की तलाश में जुटी है और हत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है.

