सरायकेला: झारखंड के पलामू जिले में 17 दिसंबर को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में सरायकेला छऊ नृत्य की भव्य प्रस्तुति दी जाएगी. इस अवसर के लिए राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र, सरायकेला के कलाकारों का एक दल मंगलवार को पलामू के लिए रवाना हुआ.

कलाकारों का यह दल संगीत नाटक अकादमी अवार्डी गुरु बजेंद्र पटनायक एवं राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र, सरायकेला के समन्वयक सुदीप कवि के नेतृत्व में रवाना हुआ.
रवाना होने से पूर्व सरायकेला आर्टिस्ट एसोसिएशन के संरक्षक एवं नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कलाकारों को हरी झंडी दिखाकर विदा किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि सरायकेला छऊ आर्टिस्ट एसोसिएशन लंबे समय से सरायकेला की परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को विकसित व संरक्षित करने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रहा है. उन्होंने कलाकारों को सफल प्रस्तुति के लिए शुभकामनाएं दीं.

