सरायकेला/ Pramod Singh छऊ आर्टिस्ट एसोसिएशन द्वारा गोपबंधू चौक निवासी प्रज्ञावान व्यक्तित्व गोपबंधू आचार्य की स्मृति में जेल रोड स्थित एसोसिएशन कार्यालय में सोमवार को शोक सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कलाकार उपस्थित हुए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

सबसे पहले दिवंगत गोपबंधू आचार्य के तैल चित्र पर सभी कलाकारों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इसके बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष भोला महांति ने साहित्य क्षेत्र में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि लगभग चालीस वर्ष पूर्व गोपबंधू आचार्य द्वारा रचित नाटकों का सफल मंचन किया गया था, जिसे व्यापक सराहना मिली थी.
एसोसिएशन के संरक्षक मनोज चौधरी ने कहा कि इतने छोटे कस्बे में उच्च कोटि के प्रज्ञावान व्यक्तित्व का जन्म होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है. सुशील आचार्य ने उनकी अंग्रेजी भाषा पर मजबूत पकड़ और गहन ज्ञान का उल्लेख किया.
मौके पर उपस्थित कलाकारों ने भी अपने- अपने विचार व्यक्त करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया. अंत में उनकी अमर आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया.
इस अवसर पर गुरु ब्रजेन्द्र पटनायक, गुरु विजय साहू, गुरु तरुण भोल, गुरु मनोरंजन साहू, आशीष कर, गजेंद्र महंती, संतोष कर, असित पटनायक, सुदीप कबी, नीरज पटनायक, पारस नाथ पाथाल, अविनाश कबी, अमित साहू और राकेश कबी सहित कई कलाकार उपस्थित थे.

