सरायकेला: आगामी लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. इसी क्रम में गौ रक्षा दल सिंहभूम प्रभाग प्रमुख मंटू दुबे ने जिला प्रशासन से कई अहम मांगें की हैं ताकि यह पर्व शांतिपूर्ण और धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप संपन्न हो सके.

मंटू दुबे ने अपने बयान में कहा कि छठ व्रत पवित्रता, स्वच्छता और आस्था का पर्व है. इसलिए छठ के दौरान पूरे जिले में मांस- मछली की बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया जाए. उन्होंने कहा कि छठ जैसे पवित्र अवसर पर बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर इस प्रकार की वस्तुओं की बिक्री से धार्मिक भावना आहत होती है. इसलिए प्रशासन को इस पर सख्ती से रोक लगानी चाहिए.
उन्होंने आगे कहा कि नगर निकाय प्रशासन को इस दौरान साफ- सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए. छठ घाटों पर गंदगी या जलजमाव नहीं रहना चाहिए. ताकि व्रती महिलाएं और श्रद्धालु स्वच्छ वातावरण में पूजा- अर्चना कर सकें.
मंटू दुबे ने यह भी आग्रह किया कि महिला व्रतियों के लिए छठ घाटों पर चेंजिंग रूम की उचित व्यवस्था की जाए और सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की जाए. साथ ही उन्होंने प्रशासन से यह भी अनुरोध किया कि छठ घाटों तक पहुंचने के मार्गों की मरम्मत और सुगम निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए. ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
गौ रक्षा दल के प्रभाग प्रमुख ने कहा कि छठ न केवल धार्मिक पर्व है. बल्कि सामाजिक एकता और स्वच्छता का भी प्रतीक है. इसलिए प्रशासन, समाजसेवी संगठन और आम लोग मिलकर इसे स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में मनाने में सहयोग दें.

