सरायकेला/ Afroz Mallik चांडिल थाना अंतर्गत NH-33 आसनबनी स्थित होटल टाटा हाईवे में बीते 20 नवंबर की रात हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय आसूचना के आधार पर तीन अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार आरोपियों में मो० शहबाज आलम (20), मो० शाहिद रजा (19) और मो० फैजान आलम उर्फ मट्ठा (20) शामिल हैं. तीनों आरोपी मानगो और आजादनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं. पुलिस ने बताया कि फायरिंग कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की तलाश में लगातार छापामारी जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
गिरफ्तार अपराधियों के पते और पहचान की पुष्टि कर ली गई है. फायरिंग की इस घटना के बाद पुलिस सतर्क हो गई है और होटल व हाईवे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
छापामारी दल में चांडिल थाना प्रभारी डिल्सन विरुवा, चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार, पुअनि० राहुल कुमार भारती, अमित कुमार, सअनि० सीताराम मार्डी, अजीत मुण्डा, सुरेंद्र कुमार सिंह तथा चांडिल थाना सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं.

