चांडिल/ Vikash Thakur थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया. तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मिली जानकारी के अनुसार कालावती देवी (47) अपने बेटे मटन कुमार और बहू ज्योत्सना कुमारी के साथ बाइक से जा रही थीं. इसी दौरान घोड़ालिंग की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया.


हादसा इतना भयावह था कि कालावती देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं मटन कुमार और ज्योत्सना कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा दोषी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. सूचना मिलने पर चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा- बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है.

