सरायकेला/ Pramod Singh जिले में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर सरायकेला- खरसावां चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से शुक्रवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के साथ नगर क्षेत्र के सभी पूजा कमेटियों का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत उपस्थित रहे. इसके अलावा आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल, सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, सरायकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष प्रेम अग्रवाल और सचिव मनोज कुमार चौधरी, खरसावां राज परिवार के सदस्य अनूप सिंह देव भी मौके पर मौजूद थे.

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पारंपरिक स्वागत और दीप प्रज्वलन से हुई. इसके बाद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को शाल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सरायकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सचिव मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि दुर्गा पूजा एवं दशहरा के दौरान जिले में जिस तरह से शांति और अनुशासन के साथ त्योहार संपन्न हुआ, वह पुलिस और प्रशासन की बेहतर टीम वर्क का परिणाम है. उन्होंने कहा कि आलोचना के साथ-साथ अच्छे कार्यों पर प्रशंसा भी आवश्यक है, ताकि पुलिस एवं प्रशासन का मनोबल बढ़े.
इस अवसर पर छऊ कलाकारों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी. वहीं नटराज नृत्य कला केंद्र के नन्हे कलाकारों के हैरतअंगेज नृत्य प्रस्तुति ने अतिथियों का मन मोह लिया.

उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने इस सम्मान को अपने अधीनस्थ कर्मियों और सभी पूजा समितियों को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के सामूहिक सहयोग से ही दुर्गा पूजा का सफल और शांतिपूर्ण आयोजन संभव हुआ. दोनों अधिकारियों ने आगामी धनतेरस, दीपावली और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भी जिलेवासियों से सहयोग की अपील की.

