सरायकेला/ Pramod Singh पश्चिम सिंहभूम जिले के पांड्राशाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा थोलको गांव के समीप सोमवार की सुबह हुई सड़क दुर्घटना में मृत लोगों की पहचान कर ली गई है. हादसे में जमशेदपुर ट्रक एंड ट्रेलर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष गुंजन कुमार यादव और ट्रक मिस्त्री मुख्तार अंसारी की मौत हो गई थी.

वहीं इस घटना में अख्तर अंसारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. अख्तर अंसारी, मृतक मुख्तार अंसारी के सहायक बताए जा रहे हैं. मिली जानकारी के अनुसार गुंजन कुमार यादव डिमना के निवासी थे. चाईबासा के आसपास उनके ट्रेलर में तकनीकी खराबी आ गई थी. ट्रेलर की मरम्मत कराने के लिए गुंजन यादव, कपाली निवासी ट्रक मिस्त्री मुख्तार अंसारी और उनके सहायक अख्तर अंसारी के साथ कार से जा रहे थे. इसी दौरान बड़ा थोलको के समीप यह भीषण सड़क दुर्घटना हो गई.
हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

