सरायकेला: केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करने 13 मई से अपने चार दिवसीय दौरे पर केंद्रीय टीम ने जिले के कुचाई, गम्हरिया एवं सरायकेला प्रखण्ड के विभिन्न पंचायतों की समीक्षा की. इस दौरान टीम ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, सांसद आदर्श ग्राम योजना का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के क्रम में मनरेगा के तहत् संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना, नाडेप, पशु शेड निर्माण, सिंचाई कूप इत्यादि योजनाओं का निरीक्षण किया गया. प्रधानमंत्री आवास योजना निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया गया. एनएसएपी से आच्छादित वृद्धापेंशन, स्वामी विवेकानन्द पेंशन एवं राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के लाभुकों से मिलकर योजना के लाभ से संबंधित जानकारी ली गई. डे- एनआरएलएम योजना एसएचजी दीदी के द्वारा संचालित दुकान एवं हार्डनिंग सेंटर का निरीक्षण किया गया. इसके अलावे अन्य योजनाओं का भी स्थल निरीक्षण किया गया. केन्द्रीय दल द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन का मूल्यांकन भी किया गया. साथ ही यह बताया गया कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना केन्द्र की योजनाओं का उद्देश्य है.

