सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत में 23 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी यास्मिता सिंह एवं सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने नगर पंचायत क्षेत्र के सभी 13 मतदान केंद्रों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भौतिक सत्यापन किया. मतदान के दिन मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी बूथों पर बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न हो सके. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील बूथों की स्थिति और बूथ प्रबंधन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई. प्रशासन ने कहा कि आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

