सरायकेला/ Pramod Singh प्रखंड के सरकारी विद्यालय के कक्षा 9 से बारहवीं में पढ़ने वाले अंडर 17 एवं 19 के बालक व बालिका वर्ग के खिलाड़ियों के लिए प्रखंड संसाधन केंद्र सरायकेला में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय कैरम टैलेंट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में मुख्य रूप से जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा एवं प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपात उपस्थित थे.

प्रतियोगिता में विजेता रहे खिलाड़ियों को डीईओ द्वारा मेडल और प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया. डीईओ ने कहा कि बच्चों के लिए जितना जरूरी शिक्षा है उतना ही आवश्यक खेल कूद भी है. खेल कूद से बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास होता है. इसके माध्यम से ही बच्चों में जीतने की ललक पैदा होती है जो उनके जीवन काल को सार्थक बनाने में सहयोगी होता है. बीईईओ ने कहा कि खेल कूद से बच्चों में टीम भावना विकसित होती है.इसके साथ ही बच्चे अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अपने बुद्धि कौशल का भी उपयोग करते हैं जो बच्चों को सक्षम बनाने में सहायक होता है. बीईईओ ने कहा कि प्रखंड स्तर पर विजेता रहे खिलाड़ियों को जिलास्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलेगा. मौके पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सांत्वना जेना एवं प्रखंड साधन सेवी गौतम कुमार सहित राहुल घोष, हरिकृष्ण महतो, जयदेव त्रिपाठी, विमल डोगरा, कौशिक दत्ता, तपन महतो एवं सुमंत धीर सामंत सहित बीआरसी के अन्य कर्मी, शिक्षक और बच्चे मौजूद रहे.
इनको किया गया सम्मानित
अंडर 17 बालक वर्ग के एकल प्रतियोगिता में गणेश मार्डी को प्रथम तथा शिव बारीक को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ. वहीं बालिका वर्ग के एकल प्रतियोगिता में सलमा हांसदा को प्रथम, रुकमणि चाकिया को द्वितीय स्थान मिला. बालक वर्ग के युगल प्रतियोगिता में जितेन हेंब्रम एवं दामु सवैया को प्रथम तथा दीप राउत और कृष्णा सोय को द्वितीय स्थान. वहीं बालिका वर्ग के युगल प्रतियोगिता में राधिका हेंब्रम एवं रजनी जामुदा को प्रथम
अर्चना तांती एवं श्रेया बनरा को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ. अंडर 19 के बालक वर्ग के एकल प्रतियोगिता में धीरज तांती को प्रथम, राहुल पॉल को द्वितीय, बालिका वर्ग में प्रिया स्वर्णकार को प्रथम तथा संजना चाकी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ. बालक वर्ग के युगल प्रतियोगिता में रोहन पॉल एवं सुमित महतो को प्रथम तथा निखिल पाठक एवं आशीष महतो को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ.

