सरायकेला: झारखंड निकाय चुनाव 2026 को लेकर सरायकेला जिले के तीनों निकायों में अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के नाम को लेकर चल रहा गतिरोध मंगलवार को समाप्त हो गया. प्रदेश आला कमान के निर्देश पर जिला मुख्यालय की ओर से आदित्यपुर नगर निगम, सरायकेला नगर पंचायत और कपाली नगर परिषद के लिए आधिकारिक प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई.

जारी सूची के अनुसार सरायकेला नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए सुमित कुमार चौधरी, आदित्यपुर नगर निगम से प्रभासिनी कालुंडिया तथा कपाली नगर परिषद से ताजदार आलम को उम्मीदवार बनाया गया है. घोषणा के साथ ही पार्टी के भीतर प्रत्याशियों को लेकर चल रहा असमंजस और घमासान फिलहाल थम गया है.
उधर समर्थन की उम्मीद लगाए बैठे कई दावेदारों को इस फैसले से झटका लगा है. सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रतिनिधि सनद कुमार आचार्य ने बगावत करते हुए सरायकेला से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है. उन्होंने बताया कि बुधवार को वह नामांकन दाखिल करेंगे. इधर बोरजो राम हांसदा, बिनोती हांसदा और संजय सरदार जैसे नेताओं की दावेदारी पर विराम लग गया है.

ताजदार आलम
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टिकट से वंचित संभावित प्रत्याशी पार्टी के घोषित उम्मीदवारों के समर्थन में एकजुट होते हैं या फिर बगावत का रास्ता अपनाते हैं. फिलहाल घोषित प्रत्याशी नामांकन की तैयारी में जुट गए हैं और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में लगे हैं.

