सरायकेला- खरसावां जिले में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष के नाम पर शुक्रवार को अंतिम मुहर लग गई. राजनगर के हरेकृष्ण प्रधान को बीजेपी का जिलाध्यक्ष चुना गया है. इसके साथ ही पिछले कई दिनों से चल रहे तमाम कयासों पर विराम लग गया है. हरेकृष्ण प्रधान पार्टी के जमीनी स्तर के पुराने कैडर माने जाते हैं और लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं. वे तीन बार पार्टी के महामंत्री रह चुके हैं.

हालांकि बीते कुछ समय से उन्हें संगठन में उपेक्षित माना जा रहा था, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पार्टी में शामिल होने के बाद राजनीतिक समीकरण बदले और उनकी किस्मत ने करवट ली.
सूत्रों के अनुसार हरेकृष्ण प्रधान के नाम की औपचारिक घोषणा जल्द ही जिला प्रभारी सह पूर्व मंत्री अमर कुमार बावरी और सह प्रभारी जटाशंकर पांडे द्वारा की जाएगी. अध्यक्ष पद की घोषणा की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया है. जिलाध्यक्ष चुने जाने के बाद बीजेपी में जश्न का दौर शुरू हो गया है. पार्टी के शीर्ष नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हरेकृष्ण प्रधान को बधाइयां देना शुरू कर दिया है. संगठन से जुड़े नेताओं को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में जिले में पार्टी को नई मजबूती मिलेगी और संगठनात्मक गतिविधियों को और धार मिलेगी.

