सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत राजबांध के समीप रविवार की शाम एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ जब एक बाइक चलती ट्रक के पीछे से टकरा गई.


घायलों की पहचान चाईबासा के नामझारी निवासी ऋतिक कुमार (18), राजनगर के चंदनखीरी निवासी मनोज कुंभकार (25) एवं सरायकेला के कुदरसाई निवासी आकाश कुंभकार (20) के रूप में की गई है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सदर अस्पताल सरायकेला लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मनोज कुंभकार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया. वहीं ऋतिक कुमार और आकाश कुंभकार का इलाज सदर अस्पताल सरायकेला में जारी है.
मिली जानकारी के अनुसार ऋतिक कुमार और मनोज कुंभकार अपने दोस्त आकाश कुंभकार के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर कांकड़ा मेला देखने जा रहे थे. इसी दौरान राजबांध के समीप आगे चल रहे ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में मनोज कुंभकार के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

