सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से एक बाइक सवार के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है. बताया जा रहा है कि बाइक सवार राह चलते लोगों को बिना किसी वजह के थप्पड़ मार देता है या गाली देकर फरार हो जाता है. यह घटनाएं खासकर गैरेज चौक से इंद्रातंडी के बीच के रास्तों पर लगातार सामने आ रही हैं.

भुक्तभोगियों के अनुसार पल्सर बाइक पर सवार दो युवक नगर क्षेत्र में घूमते हैं और राह चलते किसी को अपशब्द बोलते हैं तो किसी को थप्पड़ मारकर तेज रफ्तार में गलियों के रास्ते फरार हो जाते हैं. अचानक हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है.
मामले की सूचना मिलते ही सरायकेला पुलिस हरकत में आई और ऐसे बाइक सवारों की तलाश शुरू कर दी गई है. पुलिस द्वारा नगर क्षेत्र में लगे कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए हैं. हालांकि अब तक बाइक सवार युवकों की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.

