सरायकेला/ Pramod Singh जिले के माजना घाट स्थित नया पुलिया के नीचे सोमवार की देर शाम खरकई नदी के पानी में एक बाइक पाई गई. राहगीरों ने जब नदी में बाइक को पड़ा देखा तो इसकी सूचना सरायकेला थाना को दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण वाहन को निकालना संभव नहीं हो सका.

मिली जानकारी के अनुसार, लावारिस हालत में पाई गई यह बाइक बड़ा टांगरानी गांव निवासी ठुल्लू बोयापाई की बताई जा रही है. बताया गया कि तीन दिन पहले ठुल्लू बोयापाई ने अपनी अपाची बाइक (JH 22 C 6082) घर के बाहर खड़ी की थी, जिसे रात में अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया था.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि खरकई नदी से JH 22 C 6082 संख्या की एक अपाची बाइक लावारिस हालत में मिली है. रात होने के कारण बाइक को बाहर नहीं निकाला जा सका, सुबह उसे निकालकर जांच की जाएगी.
पुलिस का अनुमान है कि बाइक का पेट्रोल खत्म होने के बाद चोरों ने उसे नदी में फेंक दिया होगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

