सरायकेला/ Pramod Singh चाईबासा जिले के पांड्राशाली ओपी अंतर्गत चाईबासा- सरायकेला मुख्य मार्ग पर बड़ा थलको गांव के समीप सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई. चाईबासा की ओर से आ रहे एक ट्रक की सरायकेला की ओर से जा रही स्विफ्ट डिजायर कार से सीधी टक्कर हो गई. हादसा इतना जबरदस्त था कि स्विफ्ट डिजायर कार संख्या JH05AQ-4961 के चालक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कार में सवार एक अन्य व्यक्ति ने सदर अस्पताल लाने के क्रम में दम तोड़ दिया. दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है.

घायल को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की प्रक्रिया जारी है. हादसे के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई. फिलहाल मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी है. सूचना मिलते ही पांड्राशाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

