सरायकेला/ Pramod Singh पश्चिमी सिंहभूम जिला के पांड्राशाली ओपी थाना अंतर्गत बड़ा थोलको के पास अनियंत्रित होकर छोटा हाथी वाहन पलट गया. वाहन पर ऊपर नीचे मिलाकर कुल 28 लोग सवार थे. वाहन के पलटने से 20 लोग घायल हो गए. सभी घायलों को सदर अस्पताल सरायकेला लाया गया जहां से चिकित्सकों ने 11 घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर रेफर कर दिया. वहीं बाकी के घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है. घटना रविवार की दोपहर करीब 3 बजे की है.


घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार सरायकेला थाना अंतर्गत कुलुपटांगा गांव के 28 लोग एक श्रद्धा कर्म में शामिल होने के लिए छोटा हाथी वाहन से चाईबासा जा रहे थे. वांहन पूरी तरह ओवरलोड था. बड़ा थोलको के समीप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. वाहन के पलटने से आरती सुंडी 33, रिया केराई 16, गोविंद पड़ेया 17, अमन केराई 20, रीता देवगम 50, मंजू 23, कृति 2 साल, सिल्ली केराई 17, साधु बोदरा 40, रितेश केराई 35 एवं टूरा पूर्ति 32 गंभीर रूप से घायल हो गए. चिकित्सकों द्वारा गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को रेफर कर दिया गया.

