सरायकेला/ Pramod Singh शिक्षा के क्षेत्र में सरायकेला को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. शहर के प्रतिष्ठित विद्यालय बाल विकास शिक्षा निकेतन के कक्षा 6 के तीन मेधावी छात्रों का चयन राज्य के सुप्रसिद्ध आवासीय विद्यालय नेतरहाट रेसिडेंशियल स्कूल में हुआ है. चयनित छात्रों में अनुज गोप, करमचांद महतो और कैलाश अल्डा शामिल हैं.

नेतरहाट विद्यालय में प्रवेश को राज्यभर में प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम की कसौटी माना जाता है. ऐसे में एक ही विद्यालय के तीन छात्रों का चयन होना विद्यालय और पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गया है.
विद्यालय के संस्थापक ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है. उन्होंने तीनों छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वे आगे भी सरायकेला का नाम रोशन करेंगे.
विद्यालय परिसर में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है. शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक- दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की. स्थानीय लोगों ने भी इसे सरायकेला के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया. यह सफलता आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और शिक्षा के क्षेत्र में सरायकेला की पहचान को और सशक्त बनाएगी.

