सरायकेला: रामनवमी पर्व को लेकर बजरंग अखाड़ा थाना चौक ने तैयारियां तेज कर दी हैं. अखाड़ा की बैठक में इस वर्ष रामनवमी जुलूस को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया. बैठक में तय किया गया कि दशमी के दिन 28 मार्च को आकर्षक झांकियों और पारंपरिक आयोजनों के साथ भव्य रामनवमी जुलूस निकाला जाएगा.


सरायकेला में बजरंग अखाड़ा थाना चौक की बैठक अखाड़ा के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में रामनवमी जुलूस की तैयारी, जुलूस के रूट, सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई.
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष रामनवमी का जुलूस 28 मार्च को निकाला जाएगा. जुलूस को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए इसमें कई धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियां शामिल की जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी.
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि रामनवमी हिंदू समाज की आस्था और उत्साह का प्रमुख पर्व है. इस वर्ष बजरंग अखाड़ा थाना चौक की ओर से निकाला जाने वाला जुलूस भव्य और आकर्षक होगा. जुलूस में कई सुंदर झांकियां शामिल की जाएंगी और इसे पूरी भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा.
वहीं अखाड़ा के कार्यकारी अध्यक्ष छोटेलाल साहू ने कहा कि इस बार रामनवमी का जुलूस ऐतिहासिक होगा. अखाड़ा के सभी सदस्य और श्रद्धालु मिलकर इसे यादगार बनाने में जुटे हुए हैं. उन्होंने सरायकेला के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की.
बैठक में गोविंद साहू, भोला महंती, हेमंत सिंह, कुनाल साहू, मनोज सिंह, विकास प्रजापति, ऋतिक साहू, शुभम मिश्रा, संतोष प्रजापति, अमित प्रजापति, निहित साहू, मंगल साहू, राकेश ज्योतिषी, रितेश आचार्य, देव नाग, टापू मोदक, सुरु महतो और आकाश शर्मा सहित कई सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे. सभी ने मिलकर रामनवमी जुलूस को भव्य और सफल बनाने का संकल्प लिया.

