सरायकेला/ Pramod Singh जिला आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) विभाग की ओर से राजनगर प्रखंड के चयनित आयुष ग्राम ब्रह्मकुटुंब, मुरूमडीह और काड़को में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में सीएचओ डॉ. सबिता सिंह, डॉ. गौरी माझी और डॉ. सैफी जोहेब ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निःशुल्क औषधि उपलब्ध कराई. साथ ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया.

प्रभारी जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पुनम कुमारी ने बताया कि जिले के चार प्रखंडों के 12 गांव को आयुष ग्राम के रूप में चयनित किया गया है. इन सभी गांवों में हर माह स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित होते हैं जहां मरीजों को आयुर्वेदिक औषधि दी जाती है और योग प्रशिक्षकों द्वारा नियमित योगाभ्यास कराया जाता है. उन्होंने बताया कि आयुष ग्राम वही गांव हैं जहां ग्रामीण जड़ी- बूटी से उपचार पर विश्वास रखते हैं. शिविर के दौरान सभी का उपचार आयुर्वेद पद्धति से किया जाता है और उन्हें औषधियां उपलब्ध कराई जाती हैं.
डॉ. कुमारी ने आगे बताया कि आयुष विभाग द्वारा जिले में पीवीटीजी कैंप आयोजित किए जाएंगे. यह शिविर सुदूरवर्ती जनजातीय क्षेत्रों में होंगे. इन कैंपों में महिलाओं को मासिक धर्म के समय स्वच्छता के बारे में जागरूक किया जाएगा. साथ ही सेनेटरी पैड और अंतर्वस्त्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे. ऐसे कैंप वर्ष में पांच बार आयोजित किए जाएंगे.

