सरायकेला/ Pramod Singh सरायकेला छऊ आर्टिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की और मोमेंटो देकर उनका स्वागत किया. मुलाकात के क्रम में विश्व प्रसिद्धि प्राप्त सरायकेला की पहचान से जुड़ा राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र की दयनीय स्थिति से अवगत कराया गया.

कला केंद्र के विकास के लिए रखी मांगें
प्रतिनिधिमंडल ने कला केंद्र के विकास के लिए कई मांगें रखीं, जिनमें चैत्र पर्व 2025 के आयोजन में सहभागिता करने वाले कला केंद्र के कलाकारों को सम्मानजनक पारितोषिक राशि देने, प्रोजेक्ट को जल्द चालू करवाने और पर्यटन विभाग की राशि से जिला परिषद द्वारा राजकीय छऊ कलाकेंद्र का जीर्णोद्वार के कार्य को अविलंब शुरू करवाने जैसे अन्य विषय शामिल थे.
उपायुक्त ने जल्द निराकरण की बात कही
उपायुक्त ने सभी मांगों का नियम अनुसार जल्द निराकरण की बात कही. मुलाकात के क्रम में राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के समन्वयक सुदीप कुमार कवि, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से पुरस्कृत वरिष्ठ कलाकार ब्रजेंद्र पटनायक, संतोष कुमार कर और अविनाश कवि मौजूद थे.

