सरायकेला/ Pramod Singh जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग अर्जुना कप के तहत मंगलवार को खेले गए पहले मुकाबले में केएफसी अर्जुना अकादमी की टीम ने अर्बन सिटी सीतारामपुर को 4-1 से हराकर सुपर लीग में जगह बना ली.

मैच की शुरुआत से ही अर्जुना अकादमी की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया. पहले हाफ में ही स्ट्राइकर संजय सुंडी ने डी एरिया में मिले एक पास को गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. इसके बाद 24वें मिनट में जॉन सामड ने बाएं छोर से शानदार गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया. अर्बन सिटी की ओर से 35वें मिनट में सन्नी ने पेनल्टी किक के जरिए गोल कर अंतर को घटाया. लेकिन अर्जुना अकादमी की टीम ने जल्दी ही वापसी करते हुए 37वें मिनट में जॉन्स और 39वें मिनट में सत्यम सरदार के गोलों की बदौलत स्कोर 4-1 कर लिया. इसी स्कोर पर मैच समाप्त हुआ.
दूसरे मुकाबले में यूनाइटेड एफसी चांडिल ने रीडिंग एफसी को 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की. मैच के 8वें मिनट में चांडिल के सुशील ने पहला गोल किया. मध्यांतर के बाद चांडिल की टीम ने और आक्रमण तेज कर दिया. 68वें मिनट में राहुल और 71वें मिनट में गुरुपद ने गोल कर जीत सुनिश्चित कर दी.
हालांकि चांडिल की इस जीत के बावजूद वह गोल औसत के आधार पर सुपर लीग में पहुंचने से चूक गई. इस मुकाबले में रेफरी की भूमिका विकास कुमार, विशाल गोप, दिकू हेंब्रम और कृष्णा पाडिया ने निभाई. जिला फुटबॉल लीग में अब मुकाबले रोमांचक मोड़ पर पहुंच गए हैं और सुपर लीग के लिए टीमें अपना पूरा जोर लगा रही हैं.

