चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड में शुक्रवार को पंचायत भवन, कुकड़ू में ‘आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार’ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया. यह आयोजन झारखंड सरकार के राइट टू सर्विस सप्ताह के तहत 21 से 28 नवंबर तक चलाया जा रहा है. कार्यक्रम का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला के पर्यवेक्षण में किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों की टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई.

शिविर में ग्रामीणों को ब्लॉक मुख्यालय जैसी सभी ऑन-द-स्पॉट सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे उनके द्वार तक पहुंच सके. स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए शिविर में मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों के लिए एनसीडी स्क्रीनिंग की गई.

कार्यक्रम में कई प्रकार की परिसंपत्तियों और प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया. इनमें आम बागवानी पत्रा, श्रमिक कार्ड, KCC, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, धोती- साड़ी किट, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, आय, जाति और निवास प्रमाण-पत्र, गृह प्रवेश व आवास स्वीकृति पत्र, जन्म- मृत्यु प्रमाण-पत्र, SHG पहचान पत्र, ₹6 लाख का CCL चेक, फूलो- झानो योजना के लाभ, आयुष्मान कार्ड और ABHA कार्ड शामिल हैं.
जारी रिपोर्ट के अनुसार शिविर में कुल 515 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 269 आवेदनों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि 246 आवेदन लंबित श्रेणी में दर्ज किए गए. प्रखंड प्रशासन ने बताया कि सभी लंबित आवेदनों का निपटारा निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा ताकि कोई भी पात्र लाभुक वंचित न रहे.

