सरायकेला/ Pramod Singh शनिवार रात सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में अड्डेबाजी और नशाखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया. यह अभियान नगर के सार्वजनिक स्थलों जैसे बिरसा मुंडा स्टेडियम, साप्ताहिक हाट और बस स्टैंड समेत कई जगहों पर चलाया गया.

पुलिस ने मौके से नशा कर रहे कई लोगों को पकड़ा और कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों पर नशापान की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिस पर एसपी के निर्देशानुसार कार्रवाई की गई. इस दौरान नशा करते हुए चार लोगों को पकड़ा गया.
पुलिस की कार्रवाई की खबर मिलते ही कई संदिग्ध युवक मौके से फरार हो गए. वहीं चार लोगों को हिरासत में लेकर चेतावनी दी गई. अभियान के दौरान अड्डेबाजी, महिलाओं से छेड़खानी और अवैध शराब बिक्री जैसी गतिविधियों पर भी नजर रखी गई. थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे. साथ ही, बिना लाइसेंस के वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान जल्द शुरू किया जाएगा.

