सरायकेला/ Pramod Singh आदिवासी कुड़मी समाज के 20 सितंबर से शुरू होने वाले रेल टेका अभियान को आजसू पार्टी ने अपना समर्थन दिया है. पार्टी नेताओं ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी.

जिला मुख्य संयोजक सत्यनारायण महतो ने कहा कि कुड़मी समाज के अभियान में पार्टी का हर सदस्य साथ खड़ा है. समाज को आदिवासी का दर्जा दिलाना हमारा कर्तव्य है और हम इसके लिए समाज के साथ कंधा से कंधा मिलाकर चलेंगे. हमारे लिए पहले समाज है, उसके बाद पार्टी है. जब समाज उपेक्षा का शिकार रहेगा तो फिर पार्टी के माध्यम से हम दूसरों को न्याय कैसे दिलाएंगे.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला उपाध्यक्ष दुर्गाचरण महतो और ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष अंगूर महतो भी मौजूद रहे. दुर्गाचरण महतो ने कहा कि आजसू पार्टी का जन्म से ही कुड़मी समाज के साथ संबंध रहा है और पार्टी इस आंदोलन में पूरी मजबूती से साथ रहेगी. 20 सितंबर को होने वाले रेल टेका डहर छेका कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राज्य भर में पार्टी का हर सदस्य सक्रिय रहेगा. इसके लिए केंद्रित कमिटी द्वारा प्रारूप तैयार कर लिया गया है.
ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष अंगूर महतो ने कहा कि आदिवासी कुड़मी समाज अपने हक के लिए रेल टेका कार्यक्रम कर रहा है. पार्टी का ओबीसी मोर्चा भी इसके साथ खड़ा है. उन्होंने कहा कि हम किसी और का हक नहीं मांग रहे हैं, बल्कि जो पहले था वही आज मांग रहे हैं. पार्टी का हर सदस्य कुड़मी समाज के इस अभियान में कंधे से कंधा मिलाकर चलने को तैयार है. उन्होंने आदिवासी कुड़मी समाज से एकजुट होकर रेल टेका अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया.

